Saturday, April 27सही समय पर सच्ची खबर...

बांदा के विकास को 3 अरब 67 करोड़ 41 लाख से लगेंगे पंख

सिंचाई मंत्री की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट सभागार में सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने की योजना स्वीकृत

बांदा कलेक्ट्रेट सभागार में जिला योजना की बैठक को संबोधित करते सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह, सांसद भैरों प्रसाद व अन्य।

बांदाः विकास के नाम पर अरबों रुपए का बजट स्वीकृत होना और खर्च हो जाना बुंदेलखंड के लिए कोई नई बात नहीं है यह बात अलग है कि यहां विकास की वह तस्वीर दिखाई नहीं देती है जो होनी चाहिए। बहरहाल, बांदा के विकास को लेकर जिला योजना की एक महत्वपूर्ण बैठक जिले के कलेक्ट्रेट दफ्तर के सभागार में संपन्न हुई। इस दौरान सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा, नगर विधायक, जिलाधिकारी समेत सभी बड़े अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान कुल 3 अरब 67 करोड़ 41 लाख का परिव्यय स्वीकृत किया गया। यह भारी-भरकम बजट पिछले वर्ष की तुलना में 19 करोड़ 26 लाख ज्यादा है। जिला योजना के तहत स्वीकृत इस बजट में सबसे ज्यादा रोजगार हेतु 95 करोड़ 47 लाख का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं आवास निर्माण के लिए 88 करोड़ 84 लाख, कृषि विकास में 15 करोड़ 22 लाख, संपर्क मार्ग के निर्माण में 50 करोड़ 54 लाख, पेयजल हेतु 24 करोड़ 3 लाख तथा चिकित्सा में 12 करोड़ 52 लाख का परिव्यय स्वीकृत किया गया है। इस दौरान सिंचाई मंत्री ने कहा कि जिला योजना के अंतर्गत शासन द्वारा जो धन स्वीकृत किया जाए। उसके उपयोग में अधिकारियों को गंभीरता बरतनी चाहिए। ताकि जनता को उसका पूरा-पूरा लाभ मिल सके।