समरनीति न्यूज, बांदा: एक शराबी दरिंदे की हैवानियत का शिकार 55 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता ने इलाज के दौरान 10 दिन बाद दम तोड़ दिया। पीड़िता की हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। हालांकि, आरोपी दरिंदा जेल में है, लेकिन मानवीय संवेदनाओं को झकझोरने वाली अपराध की इस घटना ने सभी को हिलाकर रख दिया है। पीड़ित महिला शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर थी।
यह है पूरा मामला
बताते चलें कि गिरवां थाना क्षेत्र के एक गांव में बीती 16 अप्रैल को दरिंदे ने 55 वर्षीय महिला को घर के बाहर से उठा ले जाकर उससे दुष्कर्म किया था। विरोध पर महिला को इतनी बुरी तरह से पीटा था कि वह बुरी तरह से घायल हो गई थी। महिला मानसिक और शारीरिक रूप से कमजोर थी।
आरोपी की माला-कपड़े हुए थे बरामद
सुबह वह बेहोशी की हालत में खून से लतपत खेत पर पड़ी मिली थी। पुलिस को घटनास्थल पर महिला के पास ही आरोपी कल्लू दुबे पुत्र बत्तन दुबे की माला और कपड़े भी पड़े मिले थे। घटना वाली रात आरोपी कल्लू दुबे नशे में धुत्त होकर महिला के घर के पास वाली दुकान से देर रात गुटखा लेने पहुंचा था।
एसओ ने कहा, मामले में बढ़ेंगी धाराएं
दुकानदार ने देने से मना कर दिया, तो गालियां बकने लगा। पास में सो रही महिला ने मना किया तो उसे उठाकर खेत पर ले गया। वहां बुरी तरह से पीटा और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद भाग निकला। तभी से महिला का मेडिकल कालेज बांदा में इलाज चल रहा था। अब उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष सीपी तिवारी का कहना है कि मामले की जांच सीओ नरैनी कर रही हैं। मामले में धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
ये भी पढ़ें: शर्मनाक: पहले दहेज के लिए शादी तोड़ी, फिर भेजा अश्लील वीडियो-युवती ने दी जान
UP Board Result: बांदा में सनी ने 12वीं और आकांक्षा ने 10वीं में किया जिला टाॅप