Monday, April 29सही समय पर सच्ची खबर...

रामपुर में आजम खान के करोड़ों के आलीशान रिसोर्ट पर चला प्रशासन का बुल्डोजर, मुलायम सिंह ने किया था लोकार्पण

सपा नेता आजम खान।

समरनीति न्यूज, लखनऊ/रामपुरः हाल ही में भूमाफिया घोषित हुए सपा सांसद आजम खान के आलीशान रिसोर्ट पर प्रशासन द्वारा बुल्डोजर चलाया गया है। शुक्रवार को हुई इस बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने अवैध रूप से सिंचाई विभाग के नाले को कब्जा करके बनाए गए रिसोर्ट की दीवारों को गिरा दिया। प्रशासन की ओर से आजम को नोटिस देकर कब्जा हटाने को कहा गया था, लेकिन आजम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद यह कार्रवाई की गई है। बताते चलें कि आजम खान के खिलाफ जमीनों पर अवैध कब्जों के कई मुकदमें हाल ही में दर्ज हुए हैं।

नोटिस के बाद भी नहीं हटाया था कब्जा 

दरअसल, सपा के दिग्गज नेता पर प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। शुक्रवार सुबह आजम खान के रिसोर्ट की दीवार तोड़ दी गईं। यह दीवार सिंचाई विभाग के नाले पर बना दी गई थी। इस मामले में कई नोटिसों के बावजूद आजम द्वारा दिवार नहीं हटाई जा रही थी। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

कब्जा हटाने के दौरान मौजूद रहा फोर्स

मामले में जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने बताया है कि हमसफर रिसोर्ट में सिंचाई विभाग की 1000 गज जमीन पर कब्जा किया गया है। यह जमीन पसियापुरा शुमाली से बड़कुसिया नाले के अंतर्गत आती है। बताया कि सिंचाई विभाग के नोटिस के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया था। रिसोर्ट के पास ही पार्किंग भी जमीन कब्जा करके बनाया गई थी।

मुलायम ने किया था रिसोर्ट का लोकार्पण  

बताया जाता है कि आजम खान के रिसोर्ट का नाम हमसफर है और इसका लोकार्पण सपा सरकार में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने किया था। आजम के घर से मात्र 3 किमी की दूरी पर बना यह रिसोर्ट बेहद आलीशान है और करोड़ों की लागत से बना है।

ये भी पढ़ेंः सपा सांसद आजम खां भू-माफिया घोषित, एक सप्ताह में जमीन कब्जाने के 13 मुकदमें..