Friday, May 3सही समय पर सच्ची खबर...

चित्रकूट में गरजीं प्रियंका, कहा- 5 साल में किसी एक बेरोजगार को रोजगार मिला हो, तो नाम बदल लूंगी..

चित्रकूट में जनसभा को संबोधित करतीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी।

समरनीति न्यूज, बांदा/चित्रकूटः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज चित्रकूट में मोदी सरकार को बेरोजगारी और दूसरे मुद्दों पर जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि बीते पांच साल के दौरान अगर किसी बेरोजगार को रोजगार मिला हो तो वह अपना नाम बदल लेंगी। कहा कि मोदी सरकार बेरोजगारी, कालाधन जैसे मुद्दे पर पूरी तरह से फेल हुई है। उन्होंने बरगढ़ में बनी ग्लास फैक्ट्री का जिक्र भी किया और कहा कि बेरोजगारी चित्रकूट समेत पूरे बुंदेलखंड की समस्या है। उन्होंने कहा कि चुनाव बाद उनकी सरकार आने पर बरगढ़ फैक्ट्री को फिर से चालू कराने का प्रयास किया जाएगा। कहा कि इसके लिए वह अपने भाई राहुल गांधी से जल्द ही बात करेंगी।

मोदी सरकार के लिए फिर सुनाई कछुआ वाली कहानी 

प्रियंका ने कहा कि मोदी सरकार के बारे में सोचकर कछुआ वाली वह कहानी याद आती है जिसमें कछुआ के राजा को घमंड में कुछ दिखाई नहीं देता था। प्रियंका ने कहानी सुनाते हुए कहा कि हम बच्चों को यह कहानी सुनाते हैं कि एक दिन कछुआ के राजा ने चांद को देखा और कहा कि हमें इससे ऊंचा दिखना है। इसके बाद सभी कछुओं को एक के ऊपर एक करते हुए खुद सबसे ऊपर खड़ा होता गया। आखिर में सबसे नीचे वाले कछुए की कमर की हड्डी टूट गई और सभी कुछ नीचे गिर गए। कहा कि यही हाल मोदी सरकार का है।

चित्रकूट में जनसभा के दौरान मंच पर मौजूद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी

कहा- असर मुद्दों से ध्यान भटका रही है मोदी सरकार 

चित्रकूट में नई पुलिस लाइन्स के पास जनसभा को संबोधित कर रहीं प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रदेश की जनता बेरोजगारी से जूझ रही है। मोदी सरकार अब असल मुद्दों से लोगों का ध्यान भटका रही है। न काला धन वापस ला सके, न रोजगार दे सके और न ही किसानों को राहत दे सके। कहा कि बुंदेलखंड में पानी, बेरोजगारी और किसान के सामने बड़ा संकट है लेकिन बीजेपी सरकार ने कभी इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया है। करीब 2 बजे हेलीकाप्टर से चित्रकूट पहुंची प्रियंका गांधी 3.15 बजे करीब वापस लौट गईं। इस दौरान मंच पर उनके साथ कांग्रेस के सचिव बाजीराव खाडे, प्रदेश महासचिव सुभाकर तिवारी, कांग्रेस प्रत्याशी बाल कुमार पटेल, संपत पाल, कांग्रेस अध्यक्ष (बांदा) अखिलेश शुक्ला, अध्यक्ष (चित्रकूट) पंकज मिश्रा, वरिष्ठ नेता मो इदरीश, पूर्व विधायक शिरोमणी भाई मौजूद रहे।

ये भी पढ़ेंः पुरखों की भूमि पर पूजन कर गंगा यात्रा पर निकलीं प्रियंका गांधी ने फूंका चुनावी बिगुल..