Wednesday, May 15सही समय पर सच्ची खबर...

बांदा में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक को गोली लगी, जांच में जुटी पुलिस

Youth shot under suspicious circumstances in Banda, police engaged in investigation

समरनीति न्यूज, बांदा : एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। गोली युवक के पैर में लगी है। मामले में रंजिशन गोली मारने की बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस घटना की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि युवक को गोली कैसे लगी। बताया जाता है कि बदौसा थाना क्षेत्र के हड़हा माफी गांव के रहने वाले राजकिशोर (20) पुत्र कल्लू यादव काम से अतर्रा गया था। वहां से लौटते समय उसके साथ यह घटना हुई। बताया यह भी जा रहा है कि घटना के बाद युवक खुद बाइक चलाकर घर तक पहुंचा है। उसके बाद परिवार के लोगों के साथ थाने पहुंचा। फिर अस्पताल ले जाया गया है।

युवक का अस्पताल में चल रहा इलाज

बताते हैं कि अतर्रा से देर शाम वापस घर लौट रहा था। उसने बताया कि बीती रात किसी ने बिसाइल नाला के पास उसे गोली मार दी। वह घायल हालत में घर पहुंचा। वहां से परिवार के लोग थाने ले गए। फिर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से बांदा रेफर कर दिया गया। युवक का कहना है कि किसी ने गोली मार दी है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध है। हालांकि, पुलिस हर बिंदु को ध्यान में रखते हुए घटना की जांच कर रही है। उधर, घटना को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा है। घायल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

ये भी पढ़ें : बांदा की बेटी अंकिता गुप्ता ने झांसी में किया नाम रोशन