Monday, April 29सही समय पर सच्ची खबर...

चाचा का भतीजे पर चुनावी हमला, पूछा- करोड़ों में टिकट बेच रही सपा, कहां गए समाजवादी सिद्धांत..?

अखिलेश यादव, शिवपाल यादव।

समरनीति न्यूज, पॉलीटिकल डेस्कः लोकसभा चुनावी सरगर्मी के बीच प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के संरक्षक शिवपाल सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने सपा पर टिकट बेचने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवाद को दरकिनार कर लोकसभा चुनाव में दस से 25 करोड़ रुपया लेकर समाजवादी पार्टी में टिकट बेचा गया है। शिवपाल सिंह यादव ने लखनऊ में कहा कि समाजवादी पार्टी अपने सिद्धांत को भूल चुकी है। सपा में अब समाजवाद के सिद्धांत को बेचा जा रहा है।

भतीजे पर हमलावर चाचा   

बाहर से आए नेताओं से दस, 15, 20 व 25 करोड़ रुपया देकर लोकसभा का टिकट दिया जा रहा है। समाजवाद की राह पर चलने वाला पार्टी का कार्यकर्ता कैसे इतनी बड़ी धनराशि पर टिकट प्राप्त करेगा। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि सपा से तो उन लोगों को टिकट दिया जा रहा है जो कि समाजवादी के बारे में कुछ भी जानते तक नहीं। शिवपाल इतने पर भी नहीं रूके। आगे उन्होंने कहा कि अब तो समाजवाद के सिद्धांत को ताक पर रखा जा रहा है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता तो अब रुपयों की गड्डी का चलन होने के कारण चुनाव लडऩे के बारे में तो सोच भी नहीं पाएगा। वह न तो चुनाव लड़ पाएगा और न ही जनप्रतिनिधि बन पाएगा। उसका सपना तो रुपयों की चकाचौंध में गुम हो जाएगा।

नहीं हुई कांग्रेस से दोस्ती   

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के संरक्षक शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि हमने प्रयास किया था कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का कांग्रेस के गठबंधन हो जाए, लेकिन कांग्रेस ने ध्यान नहीं दिया। हमारा प्रयास तो अभी भी कांग्रेस के साथ मिलकर भाजपा को सत्ता में आने से रोकने का ही है।शिवपाल ने कहा कि हमने छोटे दलों के साथ मिलकर प्रोगेसिव डेमोक्रेटिक अलायंस का गठन किया है।

ये भी पढ़ेंः अखिलेश और शिवपाल को नौटंकी का कलाकार बोल गए यूपी के ये कैबिनेट मंत्री.. 

हम लोग प्रदेश की सभी 80 सीट पर अपने प्रत्याशी उतारेंगे।  प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) ने भी लोकसभा चुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। सूची में पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव समेत 20 लोग शामिल हैं। इसमें उनके बेटे आदित्य यादव के अलावा शादाब फातिमा और पार्टी के प्रवक्ता सी पी राय का नाम भी शामिल है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव ने यह सूची जारी की।