Tuesday, May 14सही समय पर सच्ची खबर...

बांदा में मायके जाने की जिद्द ने ली विवाहिता की जान

woman burn death in Banda

समरनीति न्यूज, बांदाः जिले के बदौसा थाना क्षेत्र के चंदौर गांव निवासी एक विवाहिता ने भतीजे के बरहन संस्कार में जाने की जिद के चलते खुद को आग लगा ली। बताया जाता है कि गांव के बुद्ध विलास की पत्नी फूलकली (23) की भाभी ने कुछ दिन पूर्व नवजात शिशु को जन्म दिया था। घर में बरहन संस्कार का आयोजन था। वह अपने मायके ग्राम बदौली थाना बबेरू जाना चाहती थीं। पति ने यह कहते हुए मना किया कि वह भी जाएंगे, तभी साथ चलना। नाराज होकर फूलकली ने बीती रात खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली।

सास ने कहा आत्महत्या, भाई बोला-स्पष्ट नहीं

परिवार के लोग उनको आनन-फानन जिला अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि फूलकली दो माह की गर्भवती थीं और दो साल पहले ही उनकी शादी हुई थी। मृतका की सास सुंता देवी ने घटना की जानकारी दी। उधर, मृतका के भाई सुनील का कहना है कि फूलकली की आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ होगी। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ेंः सैफई मेडिकल कालेज में जूनियर डाक्टर ने फांसी लगाकर दी जान