समरनीति न्यूज, बांदा : यात्रियों को लेकर बांदा से सतना को निकली एक लग्जरी बस रास्ते में पलट गई। इससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। घायलों में बांदा के रहने वाले लोग भी शामिल हैं। यह हादसा मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के पहाड़ीखेड़ा गांव से पहले हुआ है। बताया जाता है कि बांदा से एक लग्जरी बस कालिंजर के रास्ते पहाड़ीखेरा होते हुए सतना के निकली थी। शनिवार देर शाम पहाड़ी खेरा से लगभग 6 किलोमीटर पहले तेज रफ्तार यह लग्जरी बस घाटी के ऊपर एक मोड़ से पलटा खा गई।
यात्रियों ने मदद को चीख-पुकार मचाई, लेकिन जंगली इलाका होने के कारण समय से कोई मदद नहीं पहुंच सकी। इसी बीच एक यात्री की मौत भी हो गई। हालांकि, मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे में घायल जय नारायण मिश्र ने बताया कि शादी समारोह में शामिल होकर सतना अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया है कि बस में लगभग 100 यात्री सवार थे।
चालक ने घाटी चढ़ने के बाद बस की रफ्तार बहुत तेज कर दी थी। मोड़ पर बस एक किनारे उठकर चलती रही। बाद में जाकर बस पलट गई। घायलों में बांदा के नरैनी के रहने वाले बस कंडक्टर बृजनंदन पांडे संतोष निवासी कालिंजर (बांदा), उचेहरा गांव के मूलचंद्र कुशवाहा, अब्दुल सलीम, जयनारायण मिश्रा, अंकित व सत्यम त्रिपाठी समेत 7 महिलाएं हैं। वहीं घायलों में मध्यप्रदेश के सतना निवासी प्रदीप व श्रीराम गौतम, धर्मेंद्र प्रजापति तथा हनुमान भी हैं।
ये भी पढ़ें : कुएं में गिरी बारातियों की कार, महोबा के 6 लोगों की मौत, CM YOGi दुखी