Friday, August 21सही समय पर सच्ची खबर...

लखनऊ में बैंक कर्मी ने पत्नी और बहन की हत्या कर खुद को गोली से उड़ाया

लखनऊ मर्डर केस: जांच करती पुलिस और आरोपी-मृतका

समरनीति न्यूज, लखनऊ: राजधानी लखनऊ में गुरुवार को एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक बैंक कर्मी ने अपनी पत्नी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद घर पहुंचकर अपनी बहन की हत्या की। फिर खुद भी गोली मारकर जान दे दी। भरी दोपहर 30 मिनट के भीतर इस डबल मर्डर और सुसाइड केस से राजधानी में हड़कंप मच गया। मरने वाली महिला भी बैंक अधिकारी थी।

लव मैरिज, आपसी विवाद और सबकुछ खत्म..

जानकारी के अनुसार, एसबीआई के ऑडिट विभाग में कार्यरत मानस बाजपेयी ने आईसीआईसीआई बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा की दिनदहाड़े ब्रांच के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी।

इसके बाद हुसड़िया चौराहा के पास स्थित घर पहुंचा। वहां हत्यारोपी ने घर में अपनी मानसिक रूप से बीमार बहन तुलिका की हत्या कर दी। इसके बाद खुद को भी गोली से उड़ा लिया।

पति-पत्नी में चल रहा था लंबे समय से विवाद

पुलिस आयुक्त तरुण गाबा का कहना है कि पति और पत्नी में काफी समय से विवाद चल रहा था। पत्नी मायके में पति से अलग रहती थी। तलाक की अर्जी भी कोर्ट में थी। बताते हैं कि हुसड़िया चौराहा निवासी मानस ने दिव्या से 2017 में लव मैरिज की थी।

पहले दोनों साथ रहते थे। माता-पिता की मौत हो चुकी है। परिवार में बस छोटी बहन तुलिका थी। तुलिका मानसिक रूप से बीमार थी। उसका इलाज चल रहा था। वह भाई की देख-रेख में रहती थी।

बताया जाता है कि हत्यारोपी मिठाई वाला चौराहा के पास स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा में ऑटो से पहुंचा। दिव्या को बाहर बुलाया। फिर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। इसके बाद मानस ने दिव्या को गोली मार दी। इसके बाद घर पहुंचकर बहन की हत्या की। फिर खुद को गोली से उड़ा लिया।

ये भी पढ़ें: यूपी में देर रात 9 आईपीएस के तबादले, 7 जिलों में नए एसपी 

यूपी में देर रात 9 आईपीएस के तबादले, 7 जिलों में नए एसपी