Sunday, May 5सही समय पर सच्ची खबर...

पूर्व डिप्टी एसपी आले हसन के खिलाफ लुक आउट नोटिस, देश से भाग निकलने का अंदेशा

समरनीति न्यूज, लखनऊः सपा सांसद आजम खां के खासमखास रहे पूर्व डिप्टी एसपी आले हसन के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कर दिया गया है। ऐसा अंदेशा है कि वह देश से बाहर भागने की कोशिश कर सकते हैं। बताते चलें कि उनके खिलाफ कुल 32 मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिशें दे रही है, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल रहा है। आजम और आले हसन की नजदीकी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रामपुर में दरोगा रहे आले हसन, वहीं कोतवाल और फिर सीओ भी वहीं बने। इतना ही नहीं रिटायरमेंट के बाद आजम ने जौहर विश्वविद्यालय का सुरक्षा अधिकारी बना दिया।

भूमिगत चल रहे आलेहसन की पुलिस को तलाश  

दरअसल, भूमिगत चल रहे आले हसन पर कुल 32 मुकदमें दर्ज हैं, उनमें 27 मुकदमे आजम खान के साथ जमीन कब्जाने के हैं और बाकी पांच मुकदमें डूंगरपुर थाने में गरीबों के घरों पर बुल्डोजर चलवाने और लूटपाट के दर्ज हैं। मामले में एसपी डॉ. अजयपाल की ओर से मीडिया को जानकारी दी गई है कि पूर्व सीओ आले हसन के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी हो चुका है। आले हसन की गिरफ्तारी को पुलिस ने दबिश भी दी थी, लेकिन वह भूमिगत चल रहे हैं। पुलिस रामपुर से लेकर बुलंदशहर तक उनका सुराग लगाने की कोशिश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। ऐसे में पुलिस ने उनके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कर दिया है। एसपी डॉ. अजयपाल ने बताया कि पूर्व सीओ आले हसन के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कर दिया गया है।

ये भी पढ़ेंः सपा सांसद आजम खां भू-माफिया घोषित, एक सप्ताह में जमीन कब्जाने के 13 मुकदमें..