Wednesday, May 15सही समय पर सच्ची खबर...

कानपुर : गंगा से 3 और लड़कियों के शव मिले, बाकी की तलाश जारी

in Kanpur Bodies of 3 more girls found from Ganga, search for rest continues
सभी के डूबने से चंद मिनट पहले की तस्वीर।

समरनीति न्यूज, कानपुर : कानपुर के बिल्हौर में गंगा में डूबीं चार लड़कियों में तीन के शव बुधवार को बरामद कर लिए गए हैं। बिल्हौर के अरौल क्षेत्र के कोठीघाट पर गंगा नहाते समय 4 लड़कियों समेत कुल 6 लोग डूब गए थे। इनमें से एक युवक का शव उसी दिन मिल गया था। बाकी की तलाश में पुलिस गोताखोरों की मदद से अभियान चला रही है। बुधवार को तीन और लड़कियों के शव बरामद हो गए हैं। अब एक लड़की और एक लड़के की तलाश जारी है। बताते चलें कि डूबने वालों में दो किशोरियां पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमलता कटिया की बहन की पौत्रियां थीं।

अभी बाकी की तलाश में जुटी हैं टीमें

बुधवार को एसडीएम रश्मि लांबा, तहसीलदार लक्ष्मीनारायण बाजपेई, सीओ राजेश कुमार के निर्देशन में कुल 5 टीमों को खोजबीन में लगाया गया। अधिकारियों की निगरानी में दोपहर करीब 1.30 बजे कल्याणपुर के रहने वाले स्वर्गीय विनय कुमार की बेटी अनुष्का का शव संजती बादशाहपुर गांव के नजदीक गंगा किनारे झाड़ियों में फंसा हुआ मिला।

परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल

पुलिस वहां से शव नानामऊ घाट लेकर पहुंची। परिजनों ने उसकी पहचान की। फिर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम लगभग 7 बजे नानामऊ घाट के पास स्व. विनय की दूसरी बेटी अंशिका और हब्बापुर फर्रुखाबाद के रहने वाले प्रदीप की बेटी अनुष्का के शव भी बरामद हो गए। शवों को बाहर निकाला गया। सीओ ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उधर, शवों को देखकर परिवार के लोग बेहाल हो गए।

मुख्य खबर के लिए क्लिक करें : कानपुर : गंगा में 4 लड़कियों समेत 6 डूबे, एक शव मिला-5 की तलाश, केंद्रीय मंत्री के रिश्तेदार..