Monday, April 29सही समय पर सच्ची खबर...

बेटी को प्रेमी के साथ देख हैवान बना पिता, हत्या कर फांसी पर लटकायी लाश

समरनीति न्यूज, हमीरपुरः जिले में मंगलवार को आनर किलिंग का एक बड़ा ही सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। एक पिता ने अपनी नासमझ और नाबालिग बेटी को उसके प्रेमी के साथ देखने के बाद उसे पहले तो बेरहमी से पीटा। फिर उसका गला घोंटकर मार डाला। बाद में फांसी पर उसकी लाश लटका दी। पुलिस को लड़की के सुसाइड की खबर दी गई। लेकिन जांच में पूरा मामला खुल गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जाता है कि घटना जिले के विबांर थाना क्षेत्र के भुचैना गांव की है। वहां के रहने वाले सियाराम पाल की तीन बेटियां और दो बेटे हैं। बड़ी बेटी प्रियंका ने इस बार दसवीं की परीक्षा पास की है। उसका गांव के ही किसी लड़के से मेलजोल था। बीती रात पिता ने बेटी को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया।

इसके बाद वह गुस्से में आपा खो बैठा। उसने बेटी को बेरहमी से पीटा। जब वह बेहोश हो गई तो उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए लाश को फांसी पर टांग दिया। इस दौरान लड़का भाग निकला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने भी अपना जुर्म कबूल लिया है। आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।