Sunday, May 5सही समय पर सच्ची खबर...

चित्रकूट में आडवाणी-राफेल और नोटबंदी पर शत्रुघ्न सिन्हा ने पीएम मोदी घेरा, जमकर बोला हमला

चित्रकूट में मंच पर बैठे अभिनेता एवं भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा व आप नेता संजय सिंह।

समरनीति न्यूज, बांदा/चित्रकूटः बुधवार को रामायण मेला परिसर में किसान रैली के आयोजन में आए फिल्म अभिनेता एवं भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा फिर बेबाकी से बोले। वह भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को दरकिनार करने मुद्दे पर बोले। साथ ही राफेल विमान से लेकर नोटबंदी जैसे मुद्दे पर अपनी ही सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर खुलकर हमला बोला। साथ ही कहा कि अगर सच बोलना बगावत है तो वह बागी हैं। भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि वह भाजपा के हैं और अभी न उन्होंने भाजपा छोड़ी है और न ही भाजपा ने उनको छोड़ा है।

शत्रुघ्न सिन्हा बोले, सच बोलना बगावत है तो मैं बागी..

उन्होंने कहा कि आडवाणी जी मेरे पिता तुल्य हैं और भाजपा में आज उनको  दरकिनार कर दिया गया है। अब भी लगातार उनको किनारे किया जा रहा है। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि आज कोई भी उनका साथ नहीं दे रहा है। लेकिन वह आडवाणी जी का साथ दे रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः मोदी के खिलाफ चुनाव के सवाल पर शाटगन शत्रुघ्न सिन्हा ने दिया कुछ ऐसा रिएक्शन..

वहीं इस दौरान राम मंदिर को लेकर पूछे गए एक सवाल पर फिल्म स्टार सिन्हा ने कहा कि हमारी तो रग-रग में राम हैं। इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमले को लेकर कहा कि केजरीवाल जैसे सीधे-साधे व्यक्ति पर अटैक पूरी तरह से गलत है। कहा कि ऐसा करने से उनकी (अरविंद केजरीवाल की) पार्टी की लोकप्रियता ही बढ़ाता है। साथ ही यह भी कहा कि जिस व्यक्ति का विवेक मर जाता है, वही ऐसी हरकत करता है।

किसान रैली के बीच मंच पर बैठे अभिनेता एवं भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा।

नोटबंदी से तबाह हुए लोग 

इस दौरान नोटबन्दी को लेकर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि बिना किसी से रायशुमारी के और बिना किसी ठोस योजना के नोटबंदी कर दी गई। इससे लोग बर्बाद और तबाह हो गए। हर आदमी सड़क पर आ गया। राफेल डील पर ही शत्रुघन सिन्हा ने खुलकर बोला। कहा कि जीरो एक्सपीरियंस और जीरो बैलेंस वाली कंपनी को राफेल डील दी गई। कहा कि पहले पर राफेल विमान की कीमत 500 करोड़ थी और अब सीधे 1600 करोड़ कर दी गई है।

ये भी पढ़ेंः 1975 के आपातकाल से ज्यादा खतरनाक आज के हालात, सरकारी संस्थाओं पर सरकार का कब्जा – शत्रुघ्न सिन्हा 

दरअसल, अपना दल की विशाल किसान रैली में भाजपा सांसद सिनेस्टार शत्रुघ्न सिन्हा आप नेताओं के साथ एक मंच पर यहां मौजूद थे। इस किसान रैली के मंच पर कई नेता एक साथ थे। इनमें आप के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह, अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल और प्रदेश अध्यक्ष पल्लवी पटेल भी मौजूद रहीं। इस दौरान शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि वह पहले भारत की जनता के हैं क्योंकि उनकी जवाब देही तो जनता के प्रति है। श्री सिन्हा ने कहा है कि हो सकता है कि इन चुनावों के बाद उनको पार्टी (भाजपा) से हटा दिया जाए।