समरनीति न्यूज, कानपुर : शहर के बजरिया थाना क्षेत्र में आज सुबह पति-पत्नी की दर्दनाक ढंग से हुई हत्या का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। जितना डरावना यह हत्या कांड है, उतना ही खौफनाक खुलासा भी है। पुलिस ने मृतक युवक के बूढ़े बाप को दंपती के हत्या कांड में गिरफ्तार किया है। इतना ही नहीं आरोपी ने अपना जुर्म कबूलने के साथ ही अजीबो-गरीब कारण भी बताया है। बेटे और बहू के हत्यारोपी वृद्ध की उम्र लगभग 70 साल बताई जा रही है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस दोहरे हत्या कांड के खुलासे से सभी हैरान हैं। लोगों को भरोसा नहीं हो रहा कि कोई पिता ऐसा भी कर सकता है। खासकर हत्या की जो वजह बता रहा है, वह भी स्पष्ट नहीं हैं।
यह था पूरा मामला
बजरिया के रामबाग में रहने वाले शिवम तिवारी (27) और उनकी पत्नी जूली (25) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। बुधवार सुबह पुलिस को दोनों के शव घर में पड़े मिले थे। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मामले में पुलिस ने काफी तेजी से जांच की। चंद घंटों में ही खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी के पिता दीप तिवारी को गिरफ्तार किया। दरअसल, पुलिस ने मकान के अंदर मौजूद लोगों का बैंजाडीन टेस्ट कराया।
ऐसे खुला दोहरे हत्या कांड का राज
इससे मृतक युवक के पिता दीप तिवारी के हाथों और कपड़ों में बेटे के खून के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। पहले तो वृद्ध ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। बाद में सच्चाई बताते हुए अपना जुर्म कबूल लिया।
किसी के गले नहीं उतर रही वजह
वृद्ध ने बेटे और बहू की हत्या की जो वजह बताई है, वह किसी के गले नहीं उतर रही है। आरोपी दीप तिवारी का कहना है कि उसकी बहू कहती थी कि उसका मरा हुआ भाई उससे मिलने आता है। इसे लेकर वह अजीब बातें करती थी। साथ ही बेटा भी कभी-कभी बहकी-बहकी बातें किया करता था। इसीलिए उसने दोनों हत्या कर दी। पहले बेटे को मारा, फिर बहू को मार डाला।
संबंधित खब पढ़ें : कानपुर में डबल मर्डर : पति-पत्नी की गला काटकर हत्या, घर के अंदर ही कोई हत्यारा..