
समरनीति न्यूज, लखनऊ : रक्षा बंधन के दिन दो सगी बहनों ने नदी में कूदकर जान दे दी। घटना का कारण जीजा की छेड़छाड़ से तंग होना बताया जा रहा है। दोनों बेटियों के पिता ने इस मामले में आरोप लगाते हुए दामाद के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। गोंडा पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साथ ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
रक्षा बंधन बाले दिन घटना से कोहराम
जानकारी के अनुसार गोंडा जिले में मनकापुर कोतवाली क्षेत्र में तामापार गांव के सुरेश कुमार की दो बेटियों, सुनीता (18) और पुनीता (17) साथ में हाथ बांधकर नदी में कूद गईं। दोनों रक्षा बंधन वाले दिन सुबह करीब 5 बजे घर से निकली थीं। लड़कियों के पिता का कहना है कि दोनों घर से यह कहकर निकली थीं कि उनका जीजा अशोक, उन दोनों से छेड़छाड़ करता है।
ये भी पढ़ें : UP : मुठभेड़ में अधिशासी अभियंता के दोनों हत्यारोपियों को लगी पुलिस की गोली, गिरफ्तार
प्रताड़ित करता है। साथ ही वीडियो वायरल करने की धमकी भी देता है। फिर दोनों कभी नहीं मिलने की बात कहकर घर से चली गई थीं। दोनों ने घर से करीब 500 मीटर दूर बिसुही नदी पर बने पुल की ओर चली गईं। लड़कियों के पिता का कहना है कि वह दोनों बेटियों के पीछे-पीछे गए।
एक-दूसरे से हाथ बांधकर नदी में कूदीं
तबतक दोनों दुपट्टे से एक-दूसरे का हाथ साथ बांधकर नदी में कूद गई थीं। पिता ने शोर मचाया। एक व्यक्ति ने यूपी 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवाया। कोतवाल संतोष मिश्र का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पीड़ित पिता की ओर से तहरीर मिल चुकी है। रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : UP : चर्चा में फोटो, थाने में SHO की कुर्सी पर बंदर, पुलिसकर्मी ने किया सैल्यूट
