Tuesday, May 7सही समय पर सच्ची खबर...

टल गई अनहोनी, लेकिन राख हो गई रूकमणि की गृहस्थी, खुद भी झुलसी

आग से पीड़िता रुकमणी की राख हुई गृहस्थी।

समरनीति न्यूज, बांदाः जिले के तिंदवारी ब्लाक की परसौड़ा ग्राम पंचायत में एक दलित महिला रूकमनी के घर में आग लग गई। इससे उसकी पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि उसके घर में रखा उज्जवला योजना का सिलेंडर आग की चपेट में आने के बाद भी फटा नहीं और बड़ी अनहोनी होने से बच गई। वरना गांव के आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लेता।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सिलेंडर में आग लगने के बाद वह थोड़ा उपर को उछला था जिसे देखकर सबकी सांसें रूक गई थीं। लोगों को लगा कि सिलेंडर फटने वाला है लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सिलेंडर की आग बाद में बुझ गई। काफी देर बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

आग से पीड़िता रूकमणि बुरी तरह से झुलस गई। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रधान रामकरण यादव ने बताया कि महिला को 15 दिन का राशन और 5 हजार रूपए मदद दी गई है। साथ ही सरकारी मदद दिलाने का भी प्रयास किया जाएगा।