Friday, December 12सही समय पर सच्ची खबर...

बांदा में दो शव मिलने से सनसनी, कोशिश के बाद भी पहचान नहीं

 

बांदाः जिले में दो अलग-अलग जगहों पर अज्ञात लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। दोनों ही शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर उनकी पहचान कराने की कोशिश की। लेकिन किसी की पहचान नहीं हो सकी है। दोनों ही मामलों की पुलिस छानबीन कर रही है। पहला शव शहर के अलीगंज इलाके में मिला। बताया जाता है कि अलीगंज मुहल्ले में जिला परिषद जाने वाले मार्ग पर लगे बड़े पीपल के पेड़ के चबूतरे पर छोटे से मंदिर पर के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ देखा गया।

एक शव शहर के अलीगंज इलाके में, दूसरा कालिंजर क्षेत्र में पड़ा मिला  

पहले लोगों को लगा कि कोई व्यक्ति नशे में या बीमारी के कारण वहां लेटा हुआ है लेकिन बाद में उसके शरीर में कोई हरकत न देखकर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। आसपास के लोगों को दिखाकर शव की पहचान का प्रयास किया गया। लेकिन कोई उसे नहीं पहचान सका है। अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतक कहीं बाहर का रहने वाला है जो कामकाज के लिए यहां आया होगा।

दूसरा शव कालिंजर थाना क्षेत्र में बहादुरपुरवा गांव के नाले पर एक 60 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव लोगों ने पड़ा देखा। इससे आसपास इलाके के लोग वहां पहुंचे। लेकिन कोई भी उसकी पहचान नहीं कर पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। आसपास के लोगों से लाश की पहचान का प्रयास किया। बाद में शव को परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।