
समरनीति न्यूज, लखनऊ: यूपी के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह आज एक दिवसीय दौरे पर महोबा पहुंचे थे। मंत्री स्वतंत्र देव के काफिले को बीजेपी के ही चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने समर्थकों संग गाड़ियां अड़ाकर रोक लिया। विधायक व उनके समर्थकों ने जल जीवन मिशन में खोदी गईं सड़कों की बदहाली की बात कही।
महोबा में कार्यक्रम से लौट रहे थे जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव
बात इतनी बढ़ी पुलिस व कार्यकर्ताओं में धक्कामुक्की भी हुई। मंत्री ने गाड़ी से उतर विधायक को समझाया। मगर बात काफी बढ़ती दिखाई दी। दरअसल, शहर के रामश्री महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के बाद मंत्री स्वतंत्र देव का काफिला वापस लौट रहा था।

तभी कलक्ट्रेट मार्ग पर भाजपा विधायक ब्रजभूषण ने समर्थकों के साथ मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को गाड़ियां अड़ाकर रोक लिया। कार्यकर्ताओं ने मंत्री की गाड़ी को आगे नहीं जाने दिया। विधायक भी मंत्री से बात करते हुए गुस्से में नजर आए।
जलजीवन मिशन के तहत कार्यों में गड़बड़ी की बात उठी
सीओ सदर अरुण कुमार सिंह और एसडीएम शिवध्यान पांडेय ने मामले को किसी तरह संभाला। काफिले के आगे अड़ाई गईं गाड़ियों को हटवाने के लिए मंत्री स्वतंत्रदेव को खुद नीचे उतरकर बात करनी पड़ी। सोशल मीडिया पर संबंधित वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। हालांकि, यह पूरा मामला प्री-प्लेन माना जा रहा है।
आगे गाड़ियां अड़ाकर रोका गया मंत्री का काफिला
घटनाक्रम के दौरान चरखारी विधायक के साथ बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे। कैबिनेट मंत्री का काफिला तैयारी के साथ गाड़ियां अड़ाकर रोका गया। मंत्री गाड़ी से उतरे तो कहासुनी शुरू हो गई। हालांकि, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह विनम्रता से बात करते और स्थिति संभालने की कोशिश करते दिखाई दिए। बाद में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने सख्ती करते हुए स्थिति को संभाला।
ये भी पढ़ें: यूपी: ब्राह्मण विधायकों की ‘डिनर डिप्लोमेसी’ पर नए BJP प्रदेश अध्यक्ष नाराज कहा-नकारात्मकता से दूर रहें..
