Thursday, May 9सही समय पर सच्ची खबर...

UP : थाने में भाजपा नेता को दरोगा ने जड़ा थप्पड़, दो सस्पेंड

Inspector slaps BJP leader in police station in Sultanpur, two suspended

समरनीति न्यूज, डेस्क : दो परिवारों में झगड़ा हो गया। झगड़ा पुलिस तक पहुंचा। वहां बीजेपी के एक नेता जी भी बीच-बचाव करने जा पहुंचे। बात-बात में नेता जी पुलिस से उलझ गए। दरोगा ने उनको थप्पड़ जड़ दिया। गालियां दी और अभद्रता भी की। बीजेपी के बाकी नेताओं को पता चला तो हंगामा किया। पुलिस अधीक्षक ने दो दरोगाओं को निलंबित करते हुए मामले में जांच बैठाई है। पूरा प्रकरण सुल्तानपुर जिले का है। भाजपा खेमे में इसे लेकर काफी गहमागहमी और नाराजगी रही। हालांकि, एसपी की कार्रवाई से अब मामला पूरी तरह से शांत हो गया है।

हंगामे के बाद एसपी ने की कार्रवाई

बताया जाता है कि कुरेभार थाना क्षेत्र के जूडापट्टी गांव निवासी बृजभूषण मिश्र भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष हैं। वह पास के गांव में दो परिवारों के झगड़े में मध्यस्थ की भूमिका निभाने कुरेभार थाने पहुंचे। वहां दरोगा जीतलाल सरोज से मामले की जानकारी करने की कोशिश की। दरोगा तेस में सवाल-जवाब करने लगे।

दो दरोगा निलंबित, जांच बैठाई गई

बताते हैं कि इसी बीच दूसरे दरोगा राजेश राव भी वहां आ गया। उसने भाजपा नेता से बदसलूरी करते हुए थप्पड़ मारे। बाद में पिटाई करते हुए थाने की हवालात में बंद कर दिया। जानकारी पर भाजपा के नगर विधायक पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने एसपी से बात की। उधर, भाजपा नेताओं ने थाना परिसर में धरना भी दिया। पुलिस कप्तान ने दरोगा जीतलाल सरोज और राजेश राव को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। कूरेभार थानाध्यक्ष श्रीराम पांडेय ने दोनों के निलंबन की पुष्टि की।

ये भी पढ़ें : UP : पुलिस अधिकारी के कमरे में मेडिकल छात्रा पत्नी का शव लटकता मिला, हत्या-आत्महत्या में उलझी पुलिस