समरनीति न्यूज, बांदा : आज बांदा में जिस समय नगर पालिकाध्यक्ष मोहन साहू प्रेसवार्ता करते हुए सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के खिलाफ आरोप लगा रहे थे। उसी समय पालिका के कुछ सभासदों ने खुद पालिकाध्यक्ष के खिलाफ आरोपों का एक पत्र लिखते हुए वायरल किया। इसे मीडिया कर्मियों को भी भेजा गया। इन सभासदों के आरोप हैं कि भ्रष्टाचार के कारण वित्तीय अनियमितताओं से पावर सीज होने की आशंका से घबराकर पालिकाध्यक्ष प्रेसवार्ता करके ड्रामेबाजी कर रहे हैं।
सभासदों ने कहा कि अनियमितता के संबंध में उन लोगों ने शिकायतीपत्र को मुख्यमंत्री, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और प्रमुख सचिव के अलावा सदर विधायक को भेजा था। इसी के बाद जांच शुरू हुई। जांच से बचने के लिए पालिकाध्यक्ष साहू बीमारी का बहाना बना रहे हैं। इन सभासदों में राकेश गुप्ता दद्दू, शांति देवी, गीता, राजेश सिंह गौतम, यूसुफ फरीदी, संजना नायक, उर्मिला, पार्वती गुप्ता आदि शामिल हैं।
ये भी पढ़ें : बांदा में बंद माफिया मुख्तार अंसारी को एक और मामले में सजा, पढ़िए यह पूरी खबर..