समरनीति न्यूज, कानपुर : शहर में आज बुधवार दोपहर तेज बारिश से बड़ा हादसा हो गया। बड़े चौराहे पर बारिश में दीवार ढह गई। मलबे के नीचे 6 लोग दब गए। एक बुजुर्ग की मौत हो गई। 5 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। सुबह से शुरू हुई बारिश में दोपहर को बड़ा चौराहा पर इलाहाबाद बैंक की लंबी दीवार गिर गई। दीवार के किनारे फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले 6 लोग मलबे में दब गए। आसपास के लोग दौड़कर वहां मदद को पहुंचे। लोगों ने मलबे से लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
डिप्टी पड़ाव के रहने वाले थे मृतक
पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। घटना दोपहर लगभग 3 बजे की है। दीवार करीब 8 फुट ऊंची थी। लोग मौके पर मदद के लिए दौड़े। कोतवाली इंस्पेक्टर अरुण तिवारी का कहना है कि डिप्टी पड़ाव के रहने वाले एक 70 साल के व्यक्ति की मौत हो गई है। वह फुटपाथ पर चूरन और चूहे मारने की गोली बेचा करते थे। बाबा घाट के रहने वाले सत्यम प्रजापति और विशाल तिवारी भी घायल हैं। बाबाघाट की रहने वाली रिया और राधा भी घायल हुई हैं।
ये भी पढ़ें : UP : कानपुर में दारोगा के जबरिया रिटायरमेंट से विभाग में खलबली, यह है पूरी वजह