समरनीति न्यूज, औरैयाः जिले के फफूंद थाना क्षेत्र के मेवातियान में स्थित एक घर में तेज धमाके से पूरा मकान ढह गया। दीवारों की ईंटे यहां-बहां बिखर गईं। पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। इस दौरान एक महिला के शरीर के चीथड़े उड़ गए, दो जानवर भी मलबे में दबकर मर गए। धमाके से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। काफी देर तक लोग समझ नहीं पाए क्या हुआ है। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला। बताया जाता है कि कस्बे के मुहल्ला मेवातियान में रहने वाले मुन्ना मंसूरी उर्फ गप्पू का मकान है।
आतिशबाज के घर में हुई घटना
वह पेशे से आतिशबाज बनाने का काम करता है। उसके घर में मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे तेज धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि उसका पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। विस्फोट की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भागकर लोग वहां पहुंचे तो सभी हैरान रह गए। आतिशबाज की पत्नी नाजमा बेगम के शरीर के चीथड़े उड़ चुके थे। उनकी मौत हो चुकी थी। हालांकि आसपास के लोगों की मदद से परिवार के लोग उनको अस्पताल ले गए। वहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। इतना ही नहीं खुद आतिशबाज गप्पू भी बुरी तरह से घायल हो गया है। मकान के मलबे में दबकर घर की दो बकरियां भी मारी गईं हैं।
ये भी पढ़ेंः कानपुर पुलिस ने किडनी कांड में आरोपी पीएसआरआई दिल्ली के सीईओ डॉ. दीपक शुक्ला को किया गिरफ्तार