समरनीति न्यूज, अयोध्या : भगवान राम की नगरी अयोध्या में उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू आज सपरिवार पहुंचे। वहां रामलला के दर्शन करने के बाद हनुमान गढ़ी में भी दर्शन और पूजन किया। साथ ही भगवान श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण का प्रजेंटेशन भी उप राष्ट्रपति ने देखा। दरअसल, उप राष्ट्रपति अपने 3 दिवसीय दौरे पर विशेष ट्रेन से यूपी आए हैं।
आज उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू लखनऊ से स्पेशल ट्रेन से पहले अयोध्या जंक्शन पहुंचे। वहां प्रभु श्रीराम के दर्शन किए। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू के साथ उनकी पत्नी उषा नायडू भी मौजूद रहीं। दोनों ने काफी देर तक रामलला के दर्शन किए। पूजन के बाद सपरिवार उप राष्ट्रपति हनुमानगढ़ी दर्शन करने पहुंचे। वहां से विश्राम के लिए नयाघाट गए। उनके साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : रामनवमी पर भगवामय हुआ बांदा, जय श्री राम के नारों की गूंज, शोभा यात्रा में उमड़ा हुजूम