
समरनीति न्यूज, ब्यूरो (लखनऊ) : यूपी में विधानसभा चुनाव 2022 के अभी 5 चरण हुए हैं। छठवां चरण कल हैं और कुल 7 चरण होने हैं। यानी चुनाव खत्म नहीं हुआ है। इसी बीच अयोध्या के डीएम के आवास के बोर्ड का रंग बदल गया है। डीएम आवास के बोर्ड का रंग भगवा से हरा हो गया है। इसके साथ ही लोग सियासी मायने निकालने लगे हैं। दरअसल, आज कर्मचारियों ने भगवा रंग का बोर्ड हटाकर हरे रंग का बोर्ड लगा दिया है। बताते हैं कि अयोध्या के डीएम नीतीश कुमार ने भगवा रंग का बोर्ड उतरवा दिया है। उन्होंने हरे रंग का बोर्ड लगवाया है। मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना गया है। एक छोटे से घटनाक्रम को लेकर सियासी गलियारों से लेकर अफसरों में भी चर्चा बनी हुई है।
सियासी मायने तलाश में जुटे लोग
बताया जाता है कि यूपी में योगी सरकार के आने के बाद बोर्ड का रंग भगवा हुआ था। अब चुनावों के बीच अचानक हरा हो गया है। इसलिए रंगों के सियासत के कई तरह के मायने निकाले जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें : यूपी चुनाव 2022 : कुंडा में सपा प्रत्याशी गुलशन यादव पर हमला, पीटने वाला राजा भैय्या का समर्थक
बताते हैं कि अयोध्या में अफसरों की बेचैनी काफी चर्चा में है। दरअसल, अबतक जो बोर्ड लगा था वह भगवा रंग का था। उसपर सफेद रंग से आवास जिलाधिकारी अयोध्या लिखा था। अब हरे रंग का बोर्ड लगाया गया है। उसपर सफेद रंग से आवास जिलाधिकारी अयोध्या लिखा है।
सियासी गलियारों में भी चर्चा तेज
रंगों को लेकर सियासत कई बार तेज हो चुकी है। लिहाजा इस बार भी सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। बता दें कि भाजपा के झंडे का रंग भगवा है, जबकि सपा के झंडे का रंग हरा है। चुनावों की बीच अचानक अयोध्या के डीएम द्वारा बोर्ड का रंग बदलवाने को लेकर चर्चा तेज हो गई है। उधर, सपा के अयोध्या सदर प्रत्याशी तेज नारायण पांडे का कहना है कि अधिकारी सबसे बड़े मौसम वैज्ञानिक होते हैं। उनको अनुमान हो जाता है कि कौन सी सरकार आ रही है और कौन सी जा रही है।
ये भी पढ़ें : बड़ी खबर : यूपी में वोटिंग से पहले सपा प्रत्याशी पर दुष्कर्म का मुकदमा, कई नामजद
