समरनीति न्यूज, लखनऊ : आज अंबेडकर जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबासाहेब डा. भीमराव अंबेडकर को नमन किया। सीएम योगी ने लखनऊ के हजरतगंज में डा अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। उनके साथ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण, पूर्व मंत्री डा. महेंद्र सिंह, महापौर संयुक्ता भाटिया आदि मौजूद रहे। सभी नेताओं ने बाबा साहब को पुष्प अर्पित किए। माल्यार्पण भी किया।
131वीं जयंती मना रहा देश
डिप्टी सीएम ने कहा कि बाबा साहब डा. अंबेडकर के भारतीय संविधान में योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। देशवासी सदैव उनके प्रति कृतज्ञ रहेंगे। सीएम योगी ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के वंचित वर्ग के लोगों को न्याय और उनके अधिकार दिलाने के लिए संविधान में खास प्राविधान रखे थे। उधर, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर की 131 जयंती के मौके पर उन्हें नमन किया। साथ ही प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। बताते चलें कि 1990 में डा. आंबेडकर को मरणोपरांत देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ दिया गया था। आज देशभर में संविधान निर्माता बाबा साहब अंबेडकर की जयंती मनाई जा रही है।
ये भी पढ़ें : UP MLC Election : बीजेपी ने 36 में 33 सीटें जीतीं, 3 पर निर्दलीय और सपा साफ