मनोज सिंह शुमाली, ब्यूरो : UP Election 2022 यूपी में चौथे चरण का चुनाव संपन्न हो चुका है। यह चरण सभी राजनीतिक दलों के लिए अहम था। इस चरण की किसान बेल्ट में होने वाली वोटिंग पर सभी की नजर थी। खासकर, लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा और किसानों पर गाड़ी चढ़ाकर उनकी हत्या के बाद वहां की हवा और माहौल सबकुछ बदला हुआ है। किसानों में खासी नाराजगी है, जो जल्दी दूर होने वाली नहीं है। चौथे चरण में नाराजगी वाली इन दर्जनों विधानसभा सीटों पर बंपर वोटिंग हुई है। किसानों के दबदबे वाली पीलीभीत और लखीमपुर समेत आसपास के जिलों की विधानसभा सीटों पर मतदाताओं का उत्साह कई तरह के संकेत दे रहा है। इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। राजनीतिक गलियारों में सभी अपने-अपने अंदाज से देख रहे हैं।
सभी दल अपनी-अपनी जीत का कर रहे दावा
राजनीति के पंडित खूब कयास लगा रहे हैं। सही बात 10 मार्च को ही खुलकर सामने आएगी। फिलहाल सभी दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
2017 में 62.55% मतदान हुआ था इन सीटों पर
जहां तक 2017 में इन चरण में हुए मतदान की बात करें तो इस बार से ज्यादा मतदान पिछली बार था। 2017 में इन सीटों पर 62.55% मतदान हुआ था। यानी इस बार से थोड़ा सा ज्यादा। अब देखना यह है कि इस बार मतदाताओं का उत्साह क्या गुल खिलाता है। किसको जिताता है। किसको हराता है।
चौथे चरण में ऐसी रही मतदान की रफ्तार
चौथे चरण में 9 जिलों की 59 सीटों पर बुधवार को कुल बुधवार को 61.65% वोट पड़े। सबसे ज्यादा लखीमपुर खीरी और पीलीभीत जिलों में वोटिंग हुई। वहीं सबसे कम मतदान उन्नाव जिले में 57.73% वोटिंग हुई। विधानसभा सीटों में सबसे ज्यादा 71% मतदान पीलीभीत की बरखेड़ा सीट पर हुआ। इस दौरान 9 जिलों की कुल 59 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ।
ये भी पढ़ें : यूपी चुनाव 2022 : पीली साड़ी वाली पोलिंग अफसर रीना द्विवेदी के बूथ पर बंपर वोटिंग, सुबह 11 बजे 50% मतदान, शाम 5 तक 80%
इन जिलों में पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली और बुंदेलखंड के बांदा और फतेहपुर जिले शामिल रहे। शुरुआती दो घंटों में मतदान की रफ्तार थोड़ी धीमी रही। सुबह 9 बजे तक लगभग 9% मतदान ही हुआ। फिर 11 बजे तक 22.62% और दोपहर 1 बजे तक 37.42% मतदान हुआ। शाम 5 बजे मतदान 57.45% हो गया। फिर शाम 6 बजे टोटल मतदान 61.65% पर पहुंचा।
ये भी पढ़ें : Breaking : बांदा में छात्रा ने खुद को गोली से उड़ाया, यह थी वजह